
New Delhi: देश की प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर कंपनियों में शामिल बिसलेरी (Bisleri) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित बिसलेरी प्लांट से लिए गए पानी के नमूने को गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं पाया है। जांच में पानी के नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की पुष्टि हुई है। इसके बाद खाद्य नियामक ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। साथ ही संबंधित बैच की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की गुणवत्ता और लोगों की सेहत को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खास बात यह है कि गोवा प्लांट के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी बिसलेरी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
बिसलेरी के पानी में मिला कोलीफॉर्म बैक्टीरिया, जांच में फेल हुआ सैंपल
जानकारी के मुताबिक, FSSAI की टीम ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाला स्थित बिसलेरी प्लांट से पानी का नमूना लिया था। प्रयोगशाला में जांच के दौरान पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पॉजिटिव पाया गया।
बताया गया है कि प्राइमरी और रेफरल दोनों प्रयोगशालाओं में जांच के दौरान बैक्टीरिया की पुष्टि हुई। विशेषज्ञों के अनुसार, पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी सीवेज के रिसाव या दूषित पाइपलाइन जैसी समस्याओं का संकेत हो सकती है। इस तरह का दूषण स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकता है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर FSSAI ने बिसलेरी के बैच नंबर PB 201 की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। नियामक ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी भी दी है।
गोवा प्लांट के बाद बिसलेरी पर दूसरी बड़ी कार्रवाई
बिसलेरी के खिलाफ यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे पहले गोवा स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के नमूने भी गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे थे।
गोवा में हुई कार्रवाई के बाद अब जलपाईगुड़ी प्लांट के नमूने में भी गड़बड़ी सामने आई है। लगातार दो स्थानों पर नमूने फेल होने के मामलों ने बोतलबंद पानी की गुणवत्ता जांच को लेकर नियामक की निगरानी बढ़ा दी है।
देशभर में बोतलबंद पानी की गुणवत्ता की होगी जांच
बिसलेरी के नमूने फेल होने के बीच FSSAI ने देशभर में बिकने वाले पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की गुणवत्ता जांचने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है।
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) रजित पुनहानी ने बुधवार को बताया कि देश के अलग-अलग हिस्सों से बोतलबंद पानी के नमूने एकत्र किए जा रहे हैं। भारत का भौगोलिक क्षेत्र बड़ा होने के कारण जांच की पूरी प्रक्रिया और नतीजे सामने आने में एक से दो महीने तक का समय लग सकता है।
उन्होंने लोगों से घबराने की बजाय जांच प्रक्रिया के परिणामों का इंतजार करने की अपील की। उनका कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।
दूध, मांस और एनर्जी ड्रिंक्स की भी हो चुकी है जांच
FSSAI के मुताबिक, पिछले एक वर्ष के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कई क्षेत्रों में जांच अभियान चलाए गए हैं। इनमें दूध और डेयरी उत्पाद, मांस, अंडे, अनाज, एनर्जी ड्रिंक्स और मीठे पेय पदार्थ शामिल हैं।
अब बोतलबंद पानी की जांच भी इसी नियमित निगरानी प्रक्रिया का हिस्सा है। नियामक का जोर यह सुनिश्चित करने पर है कि बाजार में बिकने वाले खाद्य और पेय पदार्थ निर्धारित सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों का पालन करें।




