
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र में राहगीर से मारपीट कर मोबाइल फोन और करीब ₹5 हजार नकद लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पकड़ने में स्थानीय लोगों की भूमिका भी अहम रही। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को चिलबिला के आगे बौलिया से पहले टीका ब्रह्मा बाबा मंदिर के पास राकेश यादव निवासी बलरामपुर, थाना बड़ागांव के साथ मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने मारपीट की और उनका मोबाइल फोन व करीब ₹5 हजार नकद छीन लिया। घटना के बाद पीड़ित की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक आरोपी धर्मवीर राजभर उर्फ नान्हू को पकड़ लिया गया।
मामले में तहरीर के आधार पर थाना बड़ागांव में मु0अ0सं0 402/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात बताई। घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया था, लेकिन बाद में राकेश यादव और अन्य लोगों ने उसे कुम्भापुर गांव के पास पकड़ लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि लूटा गया मोबाइल फोन और नकदी उसके अन्य साथियों के पास है। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ लूटे गए मोबाइल फोन और नकदी की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है।





