
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। केंद्रीय रेलवे महिला कल्याण संगठन, नई दिल्ली के तत्वावधान में मंडल महिला कल्याण संगठन, वाराणसी द्वारा रेल कर्मचारियों के बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रविवार को वाराणसी मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर ऑन स्पॉट ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 6 से 15 वर्ष आयु वर्ग के 300 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का आयोजन पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के क्षेत्राधिकार में आने वाले वाराणसी, छपरा, गोरखपुर, मऊ, बलिया, प्रयागराज रामबाग एवं सीवान जंक्शन स्टेशनों पर पूर्वाह्न 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया गया। बच्चों को उनकी आयु के आधार पर तीन अलग-अलग समूहों में विभाजित किया गया था।
वाराणसी में अधिकारी क्लब, लहरतारा में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल महिला कल्याण संगठन, वाराणसी की अध्यक्षा श्रीमती वाणी जैन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर संगठन की सचिव जागृति सिंह, कोषाध्यक्ष मधुलिका सिंह तथा सदस्याओं सुनीता गौर, मौसमी चौधरी एवं रशिका सिंह की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन हित निरीक्षक श्री अविनाश कुमार ने किया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कला-कौशल को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। बच्चों के उत्साह और रचनात्मकता ने आयोजन को जीवंत बना दिया। प्रतियोगिता के प्रत्येक समूह में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ दो सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त प्रत्येक समूह के विजेताओं को मंडल स्तर पर भी मंडल महिला कल्याण संगठन, वाराणसी द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क निर्धारित नहीं किया गया था। आयोजन के पश्चात अध्यक्षा श्रीमती वाणी जैन एवं संगठन की सदस्याओं ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी प्रतिभागी बच्चों को पेंसिल बॉक्स, बिस्किट, चिप्स एवं जूस उपहार स्वरूप प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की पदाधिकारियों ने बच्चों के प्रति स्नेह एवं आत्मीयता प्रदर्शित करते हुए उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, कल्पनाशीलता एवं कला के प्रति रुचि को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का संचालन हित निरीक्षक श्री अविनाश कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती वाणी जैन द्वारा किया गया।




