
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: प्रयागराज गंगानगर जोन के नवाबगंज थाना पुलिस ने जबरन धन उगाही और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध धन उगाही के दो हजार रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अवधेश पाल (21) पुत्र राम प्रसाद पाल निवासी रामपुर हथिगंहा, थाना नवाबगंज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त एवं अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त गंगानगर और अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सोरांव के नेतृत्व में नवाबगंज पुलिस टीम ने गुरुवार को ग्राम कंजिया स्थित कानपुर-वाराणसी हाईवे अंडरपास के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया।
पाइलिंग कार्य के बहाने बुलाकर की थी वसूली
पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर 2026 को यशवंत कुमार पटेल को पाइलिंग कार्य के बहाने नवाबगंज थाना क्षेत्र के मधेशा बुलाया गया था। आरोप है कि वहां पांच लोगों ने उनका गोटी खेलते हुए वीडियो बना लिया और जुए में हारने का आरोप लगाकर उन्हें धमकाया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की गई और उनके पास रखे 80 हजार रुपये जबरन ले लिए गए।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर नवाबगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 598/2026 के तहत धारा 119(1) एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से वसूली के दो हजार रुपये बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बिजेंद्र नाथ राय, हेड कांस्टेबल विनोद यादव, कांस्टेबल ऋषिकेश कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल किशन सरोज, प्रतीक तिवारी और सुनील कुमार शामिल रहे।





