
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस–2026 के उपलक्ष्य में पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल द्वारा “जल और ऊर्जा संरक्षण” थीम के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) श्री अभिषेक राय के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों और कार्यालय परिसरों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी अनेक गतिविधियां आयोजित की गईं।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं संविदा कर्मचारियों के माध्यम से जल एवं ऊर्जा स्रोतों के समुचित उपयोग, टिकाऊ पर्यावरणीय प्रथाओं को अपनाने, अपशिष्ट में कमी लाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत जल संरक्षण को प्रोत्साहित करने, ऑटोमेटिक कोच वाशिंग प्लांट (ACWP) सहित जल पुनर्चक्रण प्रणालियों का निरीक्षण करने तथा पानी और ऊर्जा की बचत के प्रभावी उपायों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही पब्लिक अनाउंसमेंट (PA) सिस्टम के माध्यम से यात्रियों और आमजन तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया तथा मिशन LiFE के अंतर्गत प्राकृतिक जीवनशैली के सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार किया गया।
इसके अतिरिक्त अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से ई-वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण, पुनर्चक्रण, खाद निर्माण तथा स्वस्थ एवं टिकाऊ जीवनशैली अपनाने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया। रेल यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों, वेंडरों एवं स्थानीय समुदायों को दैनिक जीवन में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने के महत्व से अवगत कराया गया।
यह अभियान आजमगढ़, वाराणसी सिटी, बनारस, भटनी, बलिया, छपरा, देवरिया सदर, गाजीपुर सिटी, मऊ, प्रयागराज रामबाग, सीवान, बेल्थरा रोड एवं सलेमपुर सहित मंडल के प्रमुख स्टेशनों और रेलवे परिसरों में आयोजित किया गया। कार्यक्रमों में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, हाउसकीपिंग स्टाफ, रेल यात्रियों एवं अन्य हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
पूर्वोत्तर रेलवे का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




