
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल ने विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 15 मई से 05 जून 2026 तक “पर्यावरण संरक्षण अभियान” शुरू किया है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (Enhm)अभिषेक राय के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में किया गया।
अभियान की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन द्वारा रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाकर की गई। सभी कर्मचारियों ने अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण बचाने के लिए हर संभव बदलाव अपनाने तथा परिवार, मित्रों और समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति लगातार जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (आप) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गतिशक्ति) श्री अशोक कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.जे. चौधुरी सहित मंडल के सभी शाखाधिकारी एवं रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने बड़ी चुनौती बन चुका है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “बूंद-बूंद से सागर बनता है”, इसलिए पानी और ऊर्जा की बचत की शुरुआत स्वयं से करनी चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत वाराणसी मंडल के सभी कोचिंग डिपो, कार्यालयों, यूनिटों, प्रमुख रेलवे स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों में पर्यावरण जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे 15 से 18 मई तक रेलवे स्टेशनों एवं कॉलोनियों में पोस्टर, बैनर और डिजिटल संदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
वहीं 19 से 22 मई तक प्लेटफार्मों पर स्वच्छता अभियान चलाकर प्लास्टिक कचरे के निस्तारण एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा 23 से 26 मई तक यात्रियों को पानी की बोतल साथ रखने, कपड़े के थैले का उपयोग करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ेदान के प्रयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसके बाद 27 से 30 मई तक “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। साथ ही फिटनेस जागरूकता, ड्राइंग एवं निबंध प्रतियोगिताओं तथा डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम आयोजित होंगे।
31 मई से 04 जून तक जल एवं ऊर्जा संरक्षण पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जबकि 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विभिन्न विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाकर स्वच्छ, हरित और सतत पर्यावरण निर्माण में अपना योगदान दें।





