
New Delhi: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान चर्चा में आईं ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी लैंगिक पहचान को लेकर दिया गया बयान है। नेहा बोरा ने स्पष्ट किया है कि उनकी पहचान नॉन-बाइनरी है। वह खुद को केवल महिला या पुरुष की पारंपरिक श्रेणी में नहीं रखतीं। उन्होंने मीडिया संस्थानों से अपील की है कि उन्हें महिला या पुरुष के रूप में संबोधित करने के बजाय एक व्यक्ति के तौर पर पहचान दी जाए।
छात्र आंदोलनों में सक्रिय भूमिका और सरकार के खिलाफ बेबाक बयानों के चलते नेहा बोरा की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बनी है। अब उनकी लैंगिक पहचान और नॉन-बाइनरी व्यक्तियों के लिए सही संबोधन का मुद्दा भी चर्चा में है।
नेहा बोरा ने कहा- लोगों को समझने में लगता है समय
एक इंटरव्यू के दौरान नेहा बोरा से सवाल किया गया कि मीडिया में उन्हें कई बार गलत तरीके से संबोधित किया जाता है, जबकि उनकी लैंगिक पहचान महिला की पारंपरिक श्रेणी से अलग है।
इस पर नेहा ने कहा कि बातचीत के दौरान कई बार लोग उनके लिए ‘She’ और ‘They’ दोनों तरह के सर्वनामों का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने बताया कि वह इस स्थिति को समझती हैं, क्योंकि लोगों को नॉन-बाइनरी व्यक्तियों की पहचान और उन्हें संबोधित करने के तरीके को समझने में समय लगता है।
उनके मुताबिक, अब कुछ मीडिया संस्थान उन्हें महिला या पुरुष के बजाय एक व्यक्ति के रूप में संबोधित करने लगे हैं। नेहा का मानना है कि लैंगिक पहचान से जुड़े विषयों पर बातचीत और जागरूकता बढ़ना जरूरी है।
क्या होती है नॉन-बाइनरी लैंगिक पहचान?
नॉन-बाइनरी एक लैंगिक पहचान है, जिसमें व्यक्ति खुद को केवल महिला या पुरुष की पारंपरिक दो श्रेणियों तक सीमित नहीं मानता। कुछ लोग अपनी पहचान में महिला और पुरुष दोनों के पहलुओं को महसूस कर सकते हैं, जबकि कुछ खुद को इन दोनों श्रेणियों से अलग मानते हैं।
हर नॉन-बाइनरी व्यक्ति की पहचान और अपनी पसंद का संबोधन अलग हो सकता है। कई लोग अपने लिए ‘They/Them’ सर्वनाम का इस्तेमाल करते हैं। नेहा बोरा भी अपनी पहचान को नॉन-बाइनरी बताती हैं और चाहती हैं कि मीडिया तथा समाज उनकी पसंद का सम्मान करें।
उत्तराखंड से दिल्ली और जेएनयू तक का सफर
नेहा बोरा मूल रूप से उत्तराखंड के खटीमा क्षेत्र से हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद आंबेडकर विश्वविद्यालय, दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएशन किया। फिलहाल जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से पीएचडी कर रही हैं। नेहा थिएटर और छात्र राजनीति से भी जुड़ी रही हैं।
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नेहा छात्र आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। विश्वविद्यालय परिसर की राजनीति से निकलकर राष्ट्रीय स्तर के विरोध प्रदर्शनों तक उनकी सक्रियता चर्चा में रही है।
सोनम वांगचुक के साथ जंतर-मंतर पर किया था अनशन
नेहा बोरा उस समय भी चर्चा में आई थीं, जब जंतर-मंतर पर शिक्षा से जुड़े मुद्दों और कथित परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन हुआ था। इस दौरान नेहा ने शिक्षाविद् और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के साथ 23 दिनों तक अनशन में हिस्सा लिया था। आंदोलन में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) सहित विभिन्न छात्र संगठनों की भागीदारी रही थी।
इसके अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों में भी नेहा की सक्रिय भूमिका रही है। इन आंदोलनों के दौरान उन्हें कई बार पुलिस हिरासत में भी लिया गया।
नेहा बोरा की लैंगिक पहचान को लेकर दिया गया बयान अब नॉन-बाइनरी पहचान, व्यक्तिगत सम्मान और मीडिया में संबोधन के तरीके पर नई चर्चा को सामने ला रहा है।





