
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों और फैंस का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। पटना में फिल्म के प्रमोशन के बाद अब फिल्म की स्टारकास्ट 30 अगस्त को वाराणसी पहुंचेगी। कालीन भैया के किरदार में पंकज त्रिपाठी, गुड्डू पंडित के रूप में अली फजल और मुन्ना भैया के किरदार में दिव्येंदु शर्मा समेत फिल्म की टीम काशी में फैंस से रूबरू होकर फिल्म का प्रमोशन करेगी।
‘मिर्जापुर’ की कहानी और इसके चर्चित किरदारों का उत्तर प्रदेश से खास जुड़ाव रहा है। ऐसे में वाराणसी में फिल्म का प्रमोशनल इवेंट दर्शकों के लिए खास माना जा रहा है। पटना के बाद 30 अगस्त को काशी में फिल्म की टीम की मौजूदगी रिलीज से पहले फैंस के बीच उत्साह को और बढ़ाने वाली है।
फिल्म का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर 11 अगस्त को रिलीज किया गया था, जिसमें गद्दी की जंग, भौकाल और ‘मिर्जापुर’ की दमदार दुनिया की झलक देखने को मिली। ट्रेलर को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला है। वहीं, फिल्म का पहला गाना ‘दो नंबरी’ भी रिलीज के बाद सुर्खियां बटोर रहा है।
अब 30 अगस्त को वाराणसी में होने वाले प्रमोशनल इवेंट को लेकर फैंस की निगाहें टिकी हैं। माना जा रहा है कि काशी में फिल्म की स्टारकास्ट की मौजूदगी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के प्रमोशन को खास बनाने वाली है।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले फिल्म का निर्माण किया है। यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी।




