
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: शिवपुर थाना क्षेत्र के बेलवरियां गांव में बुधवार को निर्माणाधीन मकान की नींव के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 10 वर्षीय छात्र आशु पटेल की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम के साथ ही आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मकान की नींव के लिए जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था। आशु सुबह करीब 11 बजे से लापता था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में आशु निर्माणाधीन मकान की ओर जाता हुआ दिखाई दिया।
इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पानी से भरे गड्ढे में उसकी तलाश शुरू की। करीब दोपहर 2 बजे आशु का शव गड्ढे से बाहर निकाला गया। डायल 112 की मदद से परिजन उसे दीनदयाल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आशु कक्षा 2 का छात्र था। बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पूर्व ही उसके परिवार की पांच वर्षीय बेटी की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। एक साल के भीतर परिवार में दूसरी संतान की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना पर शिवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना के कारणों और निर्माणाधीन स्थल की परिस्थितियों की वैधानिक जांच में जुटी है।




