
-एडीजी नवीन अरोड़ा के निर्देश पर नौ जिलों में चला विशेष अभियान, 35 मुकदमे दर्ज; भदोही अवैध पटाखों की बरामदगी में सबसे आगे, देव दीपावली तक जारी रहेगी कार्रवाई
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। त्योहारों के दौरान अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए वाराणसी जोन पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोड़ा के निर्देशन में नौ जनपदों में की गई कार्रवाई के दौरान सवा करोड़ रुपये से अधिक कीमत के लगभग 130 क्विंटल अवैध पटाखे बरामद किए गए। इस मामले में कुल 35 मुकदमे दर्ज कर 48 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, छठ और देव दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया।
भदोही में सबसे ज्यादा पटाखे बरामद
पुलिस की कार्रवाई में भदोही जनपद सबसे आगे रहा। यहां छह मुकदमों में आठ आरोपियों के कब्जे से 3417 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए। मऊ में आठ मुकदमों में आठ आरोपियों से 2377 किलोग्राम, बलिया में चार मुकदमों में 10 आरोपियों से 2241 किलोग्राम, मीरजापुर में छह मुकदमों में छह आरोपियों से 1313 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए।
इसी क्रम में आजमगढ़ में 1055 किलोग्राम, जौनपुर में 949 किलोग्राम, सोनभद्र में 918 किलोग्राम, चंदौली में 628 किलोग्राम और गाजीपुर में 523 किलोग्राम अवैध पटाखे पकड़े गए। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पटाखा कारोबारियों को एडीजी की सख्त चेतावनी
एडीजी नवीन अरोड़ा ने मीडिया के माध्यम से पटाखा कारोबारियों और व्यापार मंडलों से अपील की है कि बिना लाइसेंस पटाखों का निर्माण, भंडारण और बिक्री न करें। उन्होंने कहा कि यह केवल कानूनी अपराध नहीं, बल्कि आम जनता और श्रमिकों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। अस्पतालों, स्कूल-कॉलेजों और घनी आबादी वाले इलाकों में लापरवाही से पटाखों का भंडारण बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
उन्होंने निर्देश दिया कि केवल निर्धारित खुले और सुरक्षित स्थानों पर अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त लाइसेंसधारी व्यापारी ही दुकानें लगाएं। लाइसेंस में निर्धारित मात्रा और शर्तों का पालन किया जाए। प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन यंत्र और आग बुझाने के पर्याप्त संसाधन अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें।
देव दीपावली तक जारी रहेगा अभियान
एडीजी ने कहा कि त्योहारों की खुशियों के साथ ध्वनि एवं वायु प्रदूषण, पर्यावरण और स्वास्थ्य सुरक्षा के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। सर्वोच्च न्यायालय, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप ही पटाखों की बिक्री सुनिश्चित की जाए।
अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ पुलिस का यह विशेष अभियान देव दीपावली तक जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई को त्योहारों के दौरान संभावित अग्निकांड और जनहानि रोकने की दिशा में बड़ी पहल माना जा रहा है।





