
-शहाबगंज कस्बे में बिना लाइसेंस बेच रहा था पटाखे, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी; विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चंदौली त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शहाबगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कस्बा शहाबगंज में बिना लाइसेंस अवैध रूप से पटाखे बेच रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मौके से कुल 20.100 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष शहाबगंज अरुण प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ अवैध पटाखों की बिक्री पर नजर रख रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बे में एक व्यक्ति बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अश्विन सिंह उर्फ विशाल सिंह (30 वर्ष), पुत्र प्रमोद सिंह, निवासी शहाबगंज, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से रॉकेट, फूलझड़ी, क्रैक किंग, मुर्गा छाप पटाखे, बुलेट, पॉपअप मैजिक, फ्लावर पॉट, ड्रैगन फाइट और मुर्गा बिजली सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों का कुल वजन 20.100 किलोग्राम बताया गया है।
यह कार्रवाई 6 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 49 मिनट पर कस्बा शहाबगंज में की गई। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना शहाबगंज में मुकदमा अपराध संख्या 140/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी(2) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
थानाध्यक्ष के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के साथ उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव, उपनिरीक्षक शिवपूजन सिंह, कांस्टेबल ब्रजेश कुमार, कांस्टेबल सुमित पाण्डेय और मुख्य आरक्षी गौरीशंकर यादव (चालक) शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से पटाखों की बिक्री और भंडारण करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।





