
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: बलिया जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रसड़ा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। लखनेश्वर डीह शिव मंदिर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया, जबकि तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को पकड़कर मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर की रात करीब 12:50 बजे लखनेश्वर डीह मंदिर से आमघाट जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की इनोवा कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर कार सवार भागने लगे और घिरने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में जिशान आलम और चंद्रशेखर कुमार के दाहिने और बाएं पैर की पिंडली में गोली लगी। दोनों घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल बलिया में भर्ती कराया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने 30 अक्टूबर की रात लखनेश्वर डीह शिव मंदिर के पुजारी को बंधक बनाकर चांदी का नाग और नाग बाबा के ऊपर लगी चांदी की छतरी लूट ली थी। इसके अलावा 11 अक्टूबर को गाजीपुर के कासिमाबाद स्थित पंच मंदिर से राधा-कृष्ण की मूर्ति का मुकुट भी चोरी किया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषणों को गलाकर तैयार की गई करीब 300 ग्राम चांदी, दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, लोहे की रॉड, प्लास, पेचकस और टेप बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में जिशान आलम, चंद्रशेखर कुमार, सूरज पासवान, चनशेखर कुमार और बाला लखन्दर कुमार शामिल हैं। सभी आरोपी बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के निवासी बताए गए हैं।
इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव, थानाध्यक्ष रसड़ा कौशल पाठक और स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक अजय साहनी की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





