
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चन्दौली साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और दो कूटरचित आधार कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में तथा उच्चाधिकारियों के पर्यवेक्षण में थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 14/26, धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 339, 3(5) बीएनएस एवं 66 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सतीश राय (36 वर्ष), निवासी कछीयाना मोहल्ला तालपुरा, थाना नवाबाद, झाँसी तथा मूल निवासी बीना, सागर (मध्य प्रदेश) और शेखर कुशवाहा, निवासी भोगवार, थाना अलीनगर (मूल पता मारुफपुर, थाना बलुआ, चन्दौली) शामिल हैं। दोनों को मुगलसराय–सकलडीहा स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित रूप से साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपी कथित रूप से “सत्कार निधि लिमिटेड” कंपनी की आड़ में लोगों से धोखाधड़ी कर धनराशि विभिन्न खातों में मंगवाते थे, जिसके बाद रकम निकालकर आपस में बांट लेते थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए कूटरचित आधार कार्ड का उपयोग करते थे, जिनमें फर्जी नाम, फोटो और पते दर्ज थे। इनके बैंक खातों से संबंधित कई साइबर ठगी की शिकायतें विभिन्न राज्यों में दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।




