
नई दिल्ली: 21 जून 2026 को होने वाले NEET UG री-एग्जाम के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। हालांकि, कई अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के दौरान तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि बैंक खाते से जुड़ी जानकारी सत्यापित नहीं होने के कारण वे अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं।
चार लाख से अधिक उम्मीदवारों ने डाउनलोड किए एडमिट कार्ड
NTA ने कहा है कि बड़ी संख्या में उम्मीदवार सफलतापूर्वक एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं। एजेंसी के मुताबिक अब तक करीब चार लाख अभ्यर्थियों ने अपना एडमिट कार्ड प्राप्त कर लिया है और तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए विशेषज्ञ टीम लगातार काम कर रही है।
सोशल मीडिया पर छात्रों ने जताई नाराजगी
कई छात्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी परेशानियां साझा की हैं। उनका कहना है कि बैंक विवरण दर्ज करने के बावजूद पोर्टल जानकारी स्वीकार नहीं कर रहा है। कुछ छात्रों ने सर्वर संबंधी समस्या का हवाला देते हुए बताया कि कई बार प्रयास करने के बाद भी बैंक डिटेल्स अपडेट नहीं हो पा रही हैं।
NTA ने छात्रों से धैर्य रखने की अपील की
एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि कुछ उम्मीदवारों को सर्वर और तकनीकी कारणों से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन इन समस्याओं को जल्द से जल्द दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। NTA ने अभ्यर्थियों से घबराने के बजाय आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखने और प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
लॉगिन से पहले तैयार रखें ये जरूरी दस्तावेज
NTA के अनुसार उम्मीदवारों को पोर्टल पर लॉगिन करने से पहले बैंक रिकॉर्ड के अनुसार अपना पूरा नाम, बैंक खाता संख्या, IFSC कोड और कैंसिल चेक की स्कैन कॉपी तैयार रखनी चाहिए। इससे जानकारी अपडेट करने में आसानी होगी और त्रुटियों की संभावना कम रहेगी।
ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
-NEET UG की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
-‘NEET UG Admit Card 2026’ लिंक पर क्लिक करें।
-रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज कर लॉगिन करें।
-एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
फीस रिफंड के लिए ऐसे अपडेट करें बैंक डिटेल्स
उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध “Fee Refund Verification Link” पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आवेदन संख्या, पासवर्ड और कैप्चा दर्ज कर लॉगिन करें। OTP आधारित दो-स्तरीय सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद बैंक खाते की जानकारी की जांच करें और किसी भी त्रुटि को सुधारकर अंतिम रूप से सबमिट कर दें।
21 जून को होगी परीक्षा, सुरक्षा के विशेष इंतजाम
NTA के अनुसार NEET UG री-एग्जाम 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षा की अवधि 3 घंटे 15 मिनट होगी। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए उन्हें भारतीय वायुसेना के MI-17 हेलीकॉप्टरों के माध्यम से देशभर के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।
एजेंसी ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी समस्या की स्थिति में NTA की आधिकारिक हेल्पलाइन से संपर्क करें।




