
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी।लखनऊ यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा अवैध विक्रेताओं के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। इसी क्रम में रविवार को लखनऊ रेलवे स्टेशन पर व्यापक कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 18 अनधिकृत विक्रेताओं को पकड़ा गया।
अभियान का नेतृत्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक कृष्ण कांत यादव ने किया। वाणिज्य विभाग की कैटरिंग टीम ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सहयोग से ट्रेन संख्या 15065 में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान 11 अवैध विक्रेता बिना किसी वैध अनुमति के खाद्य सामग्री बेचते हुए पकड़े गए।
इसके अलावा, स्टेशन परिसर में अलग से की गई कार्रवाई में 7 और अनधिकृत विक्रेताओं को गिरफ्तार किया गया, जो बिना लाइसेंस यात्रियों को खाने-पीने की वस्तुएं बेच रहे थे। सभी पकड़े गए विक्रेताओं को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए RPF के सुपुर्द कर दिया गया।
इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है। अवैध विक्रेताओं के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें, ताकि सुरक्षित और गुणवत्ता युक्त सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।





