
- रिपोर्ट: स्निग्धा श्रीवास्तव
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल और असम समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में नतीजों की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी 200 सीटों के आसपास जीत दर्ज करती नजर आ रही है, वहीं असम में भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है।
इन नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं के साथ जीत का जश्न मनाया। इस दौरान एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन प्रधानमंत्री को माला पहनाने आगे बढ़े, तो पीएम मोदी ने माला लेकर उन्हें ही पहना दी।
‘2024 की कसक आज हुई पूरी’
इस मौके पर नितिन नबीन ने कहा कि 4 मई का दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने 4 जून 2024 का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय जनता के समर्थन में एक कसक रह गई थी, जिसे अब प्रचंड जीत के साथ पूरा कर दिया गया है।
उन्होंने दावा किया कि इसके बाद हुए हर चुनाव में भाजपा को बड़ी जीत मिली है और आने वाले समय में दक्षिण भारत में भी पार्टी का विस्तार होगा।
NDA के विस्तार का दावा
नितिन नबीन ने कहा कि गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार बन रही है, जो नेतृत्व और विचारधारा पर जनता के भरोसे को दिखाता है।
विपक्ष पर निशाना
उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर भी हमला बोला और कहा कि यह चुनावी नतीजे उनके लिए बड़ा झटका हैं। नबीन ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका और जनता ने उन्हें सबक सिखाया है।
जनता का आभार
नितिन नबीन ने पांचों राज्यों की जनता का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत भाजपा और NDA के प्रति लोगों के विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इन नतीजों से साफ है कि देश की जनता का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर लगातार मजबूत हो रहा है।





