
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। यूपी एसटीएफ की वाराणसी इकाई को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। झारखंड के हजारीबाग में 24 अप्रैल को करोड़ों रुपये की डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर अपराधियों को टीम ने वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें एसटीएफ ने तेजी से घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से भारी मात्रा में लूटा गया माल भी बरामद हुआ है। बरामदगी में करीब 1 किलो सोना, 20 लाख रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो वाहन और 6 मोबाइल फोन शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गैंग लंबे समय से संगठित तरीके से डकैती की वारदातों को अंजाम दे रहा था और विभिन्न राज्यों में सक्रिय था। एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है और इनके अन्य साथियों तथा पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
संभावना जताई जा रही है कि इस गिरोह के तार कई राज्यों में फैले हो सकते हैं।फिलहाल सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले को अंतरराज्यीय अपराध नेटवर्क से जोड़कर जांच कर रही है।




