
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चन्दौली उच्चाधिकारियों के निर्देशन में जनपद में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु यातायात पुलिस द्वारा निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज यातायात पुलिस टीम द्वारा चंधासी कोयला मंडी क्षेत्र में सड़कों पर अवैध रूप से एवं नो-पार्किंग जोन में खड़े कुल 168 वाहनों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई की गई, जिसमें ₹5,34,000 का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
चंधासी कोयला मंडी क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस टीम ने औचक निरीक्षण किया, जिसमें पाया गया कि कई वाहन सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े होने के कारण यातायात बाधित कर रहे थे। इससे आमजन को काफी असुविधा हो रही थी। कार्रवाई से पूर्व पुलिस टीम द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से वाहन चालकों एवं स्वामियों को चेतावनी दी गई तथा उन्हें निर्देशित किया गया कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि सड़क पर अवैध पार्किंग न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है।
बार-बार चेतावनी के बावजूद नियमों का पालन न करने वाले वाहन स्वामियों पर ई-चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक मार्गों को बाधित करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





