
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। प्रयागराज मौलिक विचार एवं साहित्यिक सर्जना की प्रतिनिधि पत्रिका साहित्यांजलि प्रभा द्वारा प्रवर्तित साहित्यांजलि प्रकाशन, प्रयागराज की ओर से प्रत्येक माह प्रदान किया जाने वाला प्रतिष्ठित साहित्य-रत्न सम्मान इस माह डॉ. पूर्णिमा पाण्डेय ‘पूर्णा’ को प्रदान किया जाएगा।साहित्यांजलि प्रकाशन के व्यवस्थापक डॉ. भगवान प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि 10 मई को दोपहर 12 बजे से प्रीतम नगर स्थित डॉ. पूर्णिमा पाण्डेय ‘पूर्णा’ के आवास पर ही “साहित्यकार सत्कार: आपके द्वार” योजना के अंतर्गत सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार विजयलक्ष्मी विभा करेंगी, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. उषा मिश्रा (वरिष्ठ साहित्यकार, प्रयागराज) उपस्थित रहेंगी।
अतिविशिष्ट अतिथि डॉ. जया मोहन तथा अतिथि साहित्यकार रचना सक्सेना मंच पर विराजमान रहेंगी।समारोह में स्वागत वंदना डॉ. योगेंद्र कुमार मिश्र ‘विश्वबंधु’ एवं डॉ. राम लखन चौरसिया ‘वागीश’ द्वारा प्रस्तुत की जाएगी। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध चित्रकार एवं साहित्यकार रवीन्द्र कुशवाहा, पं. राकेश मालवीय ‘मुस्कान’, डॉ. राम सुख यादव, शम्भूनाथ श्रीवास्तव ‘शंभु’, रंजन पाण्डेय, श्याम फतनपुरी सहित अनेक वरिष्ठ साहित्यकार एवं रचनाकार उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. भगवान प्रसाद उपाध्याय द्वारा किया जाएगा। समारोह में डॉ. पूर्णिमा पाण्डेय ‘पूर्णा’ को साहित्यांजलि प्रकाशन की ओर से साहित्य रत्न सम्मान पत्र, प्रतीक चिन्ह, अंगवस्त्र, मोतीमाला एवं साहित्य सामग्री प्रदान की जाएगी।उल्लेखनीय है कि यह सम्मान विगत दो वर्षों से निरंतर साहित्यकारों को उनके निवास पर जाकर भव्य समारोह के रूप में प्रदान किया जा रहा है, और अब तक 21 से अधिक साहित्यकार इस सम्मान से सम्मानित हो चुके हैं।





