
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. जौनपुर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जलालपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गोवध एवं पशु क्रूरता से संबंधित मुकदमे में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक ऐसा अभियुक्त भी शामिल है, जिसके विरुद्ध पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर के दिशा-निर्देश तथा क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष शिवानंद सिसोदिया और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 25 नवंबर को थाना जलालपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 529/2026 के संबंध में चार आरोपियों को पुलिस हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरनाथ यादव उर्फ क्षमानाथ यादव पुत्र स्वर्गीय भगवान दास, आकाश यादव पुत्र मारकंडे यादव, विशाल यादव पुत्र अमरनाथ यादव तथा सर्वेश कुमार प्रजापति पुत्र कन्हैया प्रजापति के रूप में हुई है। सभी आरोपी रेहटी तुल्लापुर, थाना जलालपुर, जनपद जौनपुर के निवासी हैं।
मुख्य आरोपी पर छह मुकदमे दर्ज
पुलिस द्वारा जारी आपराधिक इतिहास के अनुसार, अमरनाथ यादव उर्फ क्षमानाथ यादव के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता से संबंधित पहले के पांच मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मुकदमे को मिलाकर उसके विरुद्ध कुल छह मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं, सर्वेश कुमार प्रजापति के विरुद्ध पूर्व में आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मामले को मिलाकर उसके विरुद्ध कुल तीन मुकदमे हैं। अन्य दो आरोपियों आकाश यादव और विशाल यादव का जारी विवरण में वर्तमान मुकदमा ही दर्ज है।
इन धाराओं में दर्ज है मुकदमा
थाना जलालपुर में मुकदमा अपराध संख्या 529/2026 धारा 111(2)(बी) बीएनएस, धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम तथा धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत पंजीकृत है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष शिवानंद सिसोदिया, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक यदुवेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजकुमार तिवारी सहित जलालपुर थाना पुलिस और एसओजी के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
जौनपुर पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




