
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ उत्तर प्रदेश की चिंतन, सम्मान एवं समीक्षा बैठक मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को प्रांतीय अध्यक्ष मधुसूदन सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता नवीनीकरण, पत्रकार हितों की योजनाओं और संगठनात्मक मजबूती को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। साथ ही निष्क्रिय पदाधिकारियों को सक्रिय होने का अंतिम अवसर देते हुए दिसंबर में संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया शुरू करने का संकेत दिया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष मुनेश्वर मिश्रा मुख्य अतिथि, राष्ट्रीय संयोजक डॉ. भगवान प्रसाद उपाध्याय अति विशिष्ट अतिथि, प्रांतीय संरक्षक डॉ. सतीश बब्बा, प्रांतीय प्रभारी सच्चिदानंद मिश्रा तथा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी पवनेश कुमार पवन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन देश दर्शन प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय प्रभारी प्रदीप सिंह ने किया।
बैठक का शुभारंभ माता गायत्री के वंदन के साथ हुआ। जिलाध्यक्ष चित्रकूट शिव मूरत द्विवेदी और मंडल अध्यक्ष अखिलेश दीक्षित ने अतिथियों एवं विभिन्न जनपदों से आए पदाधिकारियों का अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मुनेश्वर मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय संयोजक डॉ. भगवान प्रसाद उपाध्याय ने 26 वर्षों की निःस्वार्थ साधना से महासंघ को 18 राज्यों तक पहुंचाकर पत्रकारों की मजबूत आवाज बनाया है। अब सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि संगठन को देशभर में और अधिक मजबूत बनाया जाए। उन्होंने पत्रकारों के हित में संचालित नेवता योजना तथा दुर्घटना और मृत्यु की स्थिति में आर्थिक सहयोग की पहल की सराहना की।
राष्ट्रीय संयोजक डॉ. भगवान प्रसाद उपाध्याय ने सदस्यता अभियान में पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि महासंघ से केवल वास्तविक पत्रकारों को ही जोड़ा जाए। उन्होंने सदस्यता नवीनीकरण शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया, ताकि दिसंबर के अंत या जनवरी के प्रथम सप्ताह तक सभी सदस्यों को परिचय पत्र उपलब्ध कराया जा सके।
प्रांतीय अध्यक्ष मधुसूदन सिंह ने निष्क्रिय पदाधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जो पदाधिकारी संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय नहीं होंगे और कम से कम दो नए सदस्य नहीं जोड़ेंगे, उनके स्थान पर ऊर्जावान साथियों को जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने दिसंबर के दूसरे सप्ताह तक नवीनीकरण पूरा कराने का आह्वान किया। साथ ही नेवता योजना में सभी सदस्यों से बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।
बैठक में सर्वसम्मति से महासंघ का अपना ध्वज तैयार करने, संगठन का गीत और अब तक आयोजित कार्यक्रमों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म जारी करने का प्रस्ताव पारित किया गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन के विस्तार पर विशेष ध्यान देने का भी निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ के प्रबंधक डॉ. रामनारायण त्रिपाठी ने सभी पत्रकारों को शुभकामनाएं दीं तथा अंगवस्त्र और साहित्य भेंटकर सम्मानित किया।
बैठक में श्याम चंद, विष्णु नारायण पांडेय, सूर्यकुमार मिश्रा, रमेश चंद्र पांडेय, अमित कुमार मिश्रा, पवन कुमार मिश्रा, अमित कुमार द्विवेदी, राजेंद्र पांडेय, पंकज गुप्ता, सरिता सिंह, वीरेंद्र कुमार मिश्रा, शिव मूरत द्विवेदी, अखिलेश दीक्षित, घनश्याम पांडेय, रमेश रौनियार, पंकज शुक्ला, अनिल त्रिपाठी सहित विभिन्न जनपदों के पत्रकार, साहित्यकार एवं गायत्री शक्तिपीठ के साधक उपस्थित रहे।




