-तीन बार 112 पर दी सूचना, फिर भी नहीं थमा बवाल; घर का गेट तोड़ने की कोशिश, कार में तोड़फोड़ और ईंट-पत्थर चलाने का आरोप
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: कमिश्नरेट वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। लेढुपुर स्थित जानकी विहार कॉलोनी में 23-24 नवंबर की देर रात कथित तौर पर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लोक निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी देव प्रभाकर पांडेय ने आरोप लगाया है कि मनोज पांडेय निवासी पहड़िया अपने साथ करीब 15 से 20 लोगों को लेकर उनके घर पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपितों में कुछ महिलाएं भी शामिल थीं। आरोप है कि भीड़ ने घर का मुख्य गेट तोड़ने का प्रयास किया, कार में तोड़फोड़ की और घर पर ईंट-पत्थर चलाए। इतना ही नहीं, बंदूक सटाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
देव प्रभाकर पांडेय का कहना है कि विवाद के दौरान उन्होंने तीन बार डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस के हस्तक्षेप के बावजूद हंगामा और हमला जारी रहा। घटना के दौरान कुछ तस्वीरें और वीडियो मोबाइल से रिकॉर्ड किए जाने की बात भी सामने आई है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस घटना के बाद से पूरे परिवार में भय का माहौल है। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके बेटे की हत्या तक की जा सकती है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ ठोस कार्रवाई और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
तीन बार सूचना के बाद भी नहीं रुका हंगामा?
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि पीड़ित द्वारा बार-बार पुलिस सहायता मांगी गई थी, तो समय रहते प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो सकी? पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कथित तौर पर हमला जारी रहने के आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
फिलहाल, पीड़ित की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि और मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।




