
-राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने नवदंपतियों को उपहार भेंटकर दिया आशीर्वाद, बोले- गरीब परिवारों के लिए वरदान है मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. राजातालाब आराजी लाइन ब्लॉक मुख्यालय पर गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 91 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चारण और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ, जबकि एक मुस्लिम जोड़े का मौलवी द्वारा निकाह कराया गया। कुल 92 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा तथा विशिष्ट अतिथि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष राम सकल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, ब्लॉक प्रमुख नगीना पटेल और खंड विकास अधिकारी अनामिका सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र एवं गृहस्थी से संबंधित उपहार भेंट किए। अतिथियों ने नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
उपहार स्वरूप डिनर सेट, प्रेशर कुकर, पैंट-शर्ट सेट, साड़ी, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, चूड़ी, कंगन, श्रृंगार सामग्री, कढ़ाही, सीलिंग फैन, प्रेस, डबल बेड की चादर, तकिया कवर, कंबल, गद्दा एवं अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री प्रदान की गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए बड़ी सौगात साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से बेटियों का विवाह सम्मान और गरिमा के साथ संपन्न हो रहा है तथा गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ भी कम हो रहा है। सरकार हर गरीब बेटी के साथ खड़ी है और उसके सम्मान एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
एडीओ समाज कल्याण प्रमोद कुमार ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक कन्या के बैंक खाते में 15 दिन बाद सरकार की ओर से 64 हजार रुपये की धनराशि भेजी जाएगी।
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल ने किया। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जिससे समारोह सकुशल संपन्न हुआ।
इस दौरान एडीओ पंचायत सतीश मौर्य, ग्राम पंचायत अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष मुकेश पटेल, शिवपूजन सिंह, संजीव सिंह, संजय यादव, शेरई सिंह, संतोष यादव, शिवशंकर सिंह, विजय गुप्ता, संजीव कुमार कश्यप, श्यामलाल चौहान, मनोज वर्मा, धर्मेंद्र यादव, राम सिंह वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




