
-बाबा साहब के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प, रोहनिया विधायक ने किया सुंदरीकरण कार्य का शिलान्यास
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. संविधान दिवस के अवसर पर रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और आदर्शों को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने गुरुवार को खुशीपुर गांव में डॉ. बीआर अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत एक करोड़ रुपये की लागत से नौ गांवों में स्थित अंबेडकर मूर्ति स्थलों के सुंदरीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
इस योजना के तहत अखरी, बहोरनपुर, बढ़इनी, फरीदपुर, जगतपुर, सरहरी, मनोरथपुर, भटौली और कपरफोरवा गांवों में स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थलों का कायाकल्प किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि बाबा साहब का दिया हुआ संविधान ही हम सभी का मार्गदर्शक है। उनके विचारों, सिद्धांतों और सामाजिक समानता के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाना हमारा संकल्प है। मूर्ति स्थलों का सुंदरीकरण केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को बाबा साहब के आदर्शों और उनके संघर्षों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
शिलान्यास कार्यक्रम में सहायक अभियंता ई. अरुण कुमार राय, अवर अभियंता अक्षय पटेल, उमेश पटेल, राजकुमार वर्मा, मानस सिंह, आदर्श पटेल, श्याम बली पटेल, विनोद पटेल, ग्राम प्रधान अभय सोनकर, खंड विकास अधिकारी श्रीकांत तिवारी, राजेश यादव, सुरेंद्र यादव तथा सचिव रामजी श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




