
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी खोई हुई संपत्ति को सुरक्षित वापस दिलाने के लिए जीआरपी बनारस पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। रेलवे स्टेशन बनारस के सर्कुलेटिंग एरिया में छूटे यात्री के ट्राली बैग को जीआरपी पुलिस टीम ने अपनी सतर्कता और तत्परता से बरामद कर सुरक्षित उसके परिजन को सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस ईमानदार पहल से यात्री ने आभार जताते हुए पूरी टीम की प्रशंसा की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को यात्री प्रीथिपल सिंह सचदेवा पुत्र गुरमीत सिंह, निवासी गुरुद्वारा अडूपुरा जागीर, ग्वालियर (मध्य प्रदेश) ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में अपना ट्राली बैग रेलवे स्टेशन बनारस के सर्कुलेटिंग एरिया में भूल गए थे। सूचना मिलने पर जीआरपी बनारस चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बैग को बरामद कर लिया। इसके बाद टीटी के माध्यम से यात्री की जानकारी जुटाकर उन्हें इसकी सूचना दी गई।
यात्री द्वारा भेजे गए अपने परिचित विनय कुमार पुत्र रामऔतार, निवासी अनवान, थाना बबेरू, जनपद बांदा को आवश्यक प्रक्रिया के बाद ट्राली बैग सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलान्ची एवं पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुँवर प्रभात सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान और ऑपरेशन मुस्कान के तहत की गई। प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के निर्देशन में उपनिरीक्षक अशोक कुमार ओझा, मुख्य आरक्षी धीरेन्द्र कुमार चौबे और आरक्षी अमन कुमार ने इस कार्य को अंजाम दिया।
अपना ट्राली बैग सुरक्षित वापस मिलने पर यात्री प्रीथिपल सिंह सचदेवा ने जीआरपी टीम और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया तथा पुलिसकर्मियों की कार्यशैली की सराहना की।
जीआरपी बनारस की यह पहल दर्शाती है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों की सहायता, उनकी सुरक्षा और उनकी खोई हुई संपत्ति को सुरक्षित वापस दिलाना भी उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस टीम की यह तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा निश्चित रूप से प्रशंसा की पात्र है।




