
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. प्रयागराज अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगानगर जोन की फाफामऊ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने बुधवार को एक युवक को अवैध तमंचा और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान कुलदीप पासी उर्फ नीरज (22 वर्ष), पुत्र संतोष पासी, निवासी मातादीन का पूरा, थाना फाफामऊ, कमिश्नरेट प्रयागराज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त को फाफामऊ थाना क्षेत्र में नव जीवन हॉस्पिटल से बेला कछार जाने वाले इंटरलॉकिंग मार्ग के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर और दो कारतूस .315 बोर बरामद हुए।
इस मामले में थाना फाफामऊ में मुकदमा अपराध संख्या 272/2026 के तहत धारा 3/25 आयुध अधिनियम में अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई।
पांच मुकदमों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ थाने में वर्ष 2025 के दो मुकदमे तथा प्रयागराज के फाफामऊ थाने में वर्ष 2026 के दो अन्य मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान अवैध तमंचा बरामदगी का मुकदमा मिलाकर उसके विरुद्ध कुल पांच मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सौमित्र सिंह, उपनिरीक्षक मुकेश कुमार यादव, मुख्य आरक्षी जय प्रकाश यादव, आरक्षी राजेश्वर और आरक्षी गौरव गौतम शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और निगरानी में की गई इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई है।




