
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चंदौली में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए संगठित नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। नौगढ़ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कौवाघाट पुल के पास से 32.100 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया और दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 8.5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से गांजे की खेप ले जा रहे थे, तभी घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुलायम यादव (निवासी भभुआ, बिहार) और बलवंत यादव उर्फ गुल्लू यादव (निवासी चंदौली) के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आपस में रिश्तेदार हैं और बिहार से सस्ते दाम पर गांजा लाकर चंदौली, मीरजापुर और सोनभद्र जिलों में छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचते थे।इस मामले में NDPS एक्ट की धाराओं 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही दोनों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि इस सफल कार्रवाई से नशे के बड़े सप्लाई नेटवर्क को झटका लगा है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।





