
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मीरजापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने गो-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। 1 मई 2026 को हुई इस कार्रवाई में पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आरोपी घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिए गए, जबकि 6 गोवंश को सुरक्षित मुक्त कराया गया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि गोवंश को क्रूरता से बांधकर बिहार के चैनपुर की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हाजीपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस द्वारा रोकने की कोशिश करने पर तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोला हरिजन (24) निवासी विसौरा खुर्द, थाना अदलहाट और बाबू उर्फ रामजन्म सोनकर (22) निवासी रामपुर ढबही, थाना अहरौरा के रूप में हुई है। तलाशी में 2 अवैध तमंचे (.315 बोर), 4 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, एक पिकअप वाहन (UP63BT1047) और 6 गोवंश बरामद किए गए।

घायल आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मामले में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वाहन को भी सीज कर दिया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में वांछित रहे हैं। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गो-तस्करी और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।





