
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: मलिहाबाद में महाराज मलीहा पासी के स्मृति द्वार को विगत 22 अप्रैल 2026 की रात में हटाए जाने के बाद पासी समाज में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक द्वार को पुनः स्थापित नहीं किया गया, जिससे समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
मलिहाबाद विधायक जयदेवी एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने संयुक्त बयान में कहा कि इस मुद्दे से सरकार की छवि पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने निर्णय लिया है कि सरकार की छवि को बनाए रखने और अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से रखने के लिए शनिवार, 25 अप्रैल को शाम 6:00 बजे से मलिहाबाद में सड़क किनारे (जहां आवागमन बाधित न हो) शांतिपूर्ण प्रवास किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में मलिहाबाद विधानसभा और मोहनलालगंज लोकसभा क्षेत्र से सैकड़ों लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
कार्यक्रम से जुड़े लोगों के अनुसार, जब तक महाराज मलीहा पासी का स्मृति द्वार पुनः स्थापित नहीं किया जाता, तब तक प्रवास जारी रहेगा। इस दौरान पूर्व सांसद कौशल किशोर भी मौजूद रहेंगे और आंदोलन का नेतृत्व करेंगे।
प्रशासन से मांग की गई है कि जल्द से जल्द स्मृति द्वार को पुनः स्थापित कर स्थिति को सामान्य बनाया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द कायम रह सके।




