
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चंदौली मुगलसराय पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे डाउन रिसीविंग यार्ड के पास से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कुल 19.35 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, दो मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 54 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना मुगलसराय पुलिस और आरपीएफ टीम रेलवे डाउन रिसीविंग यार्ड से जीटीआर पुल की ओर संयुक्त गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान जीटीआर पुल के नीचे रेलवे किलोमीटर संख्या 673/86 के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रवि कुमार साव निवासी दानापुर, पटना (बिहार) तथा पंकज कुमार मिश्रा निवासी गोपालपुर, पटना (बिहार) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 70 टेट्रा पैक 8 पीएम, 20 बोतल आफ्टर डार्क ब्लू और 7 बोतल रॉयल स्टैग सहित कुल 19.35 लीटर अंग्रेजी शराब, दो मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार में शराबबंदी का लाभ उठाते हुए ट्रेनों के माध्यम से ऊंचे दामों पर बेचते थे। इसी उद्देश्य से शराब लेकर रेलवे स्टेशन जा रहे थे, तभी पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी के आधार पर थाना मुगलसराय में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।





