
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। सिगरा थाना पुलिस ने एक युवती के निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने और दुष्कर्म के आरोप में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना पर अमूल डेयरी के पास से की गई।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन में सिगरा पुलिस ने मु0अ0सं0-0281/2026 में दर्ज मुकदमे से संबंधित अभियुक्त विकास साहनी (24) निवासी शिवपुरवा, थाना सिगरा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर पीड़िता के निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने और अवैध संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना सिगरा में धारा 115(2), 352, 351(2) एवं 64(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की आगे की विवेचना थाना सिगरा पुलिस द्वारा की जा रही है।





