
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चेतगंज थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी अनिल चौरसिया (40) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी पर आपसी रंजिश में एक व्यक्ति की गर्दन पर कांच (सीसे) के गिलास के टूटे टुकड़े से जानलेवा हमला करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित के भाई की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर थाना चेतगंज में मु0अ0सं0-168/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की नीयत से गर्दन पर वार कर गंभीर चोट पहुंचाई थी।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को सरायगोवर्धन क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सीसे के गिलास का टूटा हुआ टुकड़ा भी बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले में अग्रिम विधिक एवं विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।





