- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल में रेलवे कर्मचारियों एवं उनके पाल्यों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंतर मंडलीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता-2026 तथा कर्मचारियों के पाल्यों के लिए सांस्कृतिक प्रतियोगिता/टैलेंट हंट शो का आयोजन किया जाएगा।
महाप्रबंधक (कार्मिक), गोरखपुर के निर्देशों के अनुपालन में वाराणसी मंडल के कार्मिक विभाग द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता 07 एवं 08 जुलाई, 2026 को प्रातः 11:30 बजे से इन्द्रप्रस्थ सामुदायिक हॉल, न्यू लोको कॉलोनी, वाराणसी में संपन्न होगी।
इस आयोजन का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों एवं उनके बच्चों की सांस्कृतिक, कलात्मक तथा रचनात्मक प्रतिभाओं को एक उपयुक्त मंच प्रदान करना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों एवं बच्चों को अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। इससे न केवल सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि रेल परिवार के सदस्यों के बीच आपसी सौहार्द, सहभागिता और पारिवारिक जुड़ाव भी मजबूत होगा।
वाराणसी मंडल प्रशासन सभी रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिजनों से इस कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग करने एवं उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील करता है। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक कर्मचारियों के पाल्यों को अपना विवरण 06 जुलाई, 2026 तक वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी कार्यालय के हित अनुभाग में अनिवार्य रूप से जमा कराना होगा।
अधिक जानकारी के लिए हित निरीक्षक 9794843606 एवं 9778128717 पर संपर्क किया जा सकता है।




