
-जीवंत अभिनय और सधे संवादों ने मोहा दर्शकों का मन, रंगमंच पर साकार हुए जनसेवा और मानवीय मूल्यों के विविध आयाम
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। प्रयागराज भारतेंदु नाट्य अकादमी, संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश के प्रायोजन तथा सर्वस्व लोक कल्याण स्वैच्छिक संस्थान की प्रस्तुति ‘नमो सेवागाथा’ का भव्य मंचन शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार, प्रयागराज में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रंगमंच समाज का दर्पण होता है। उनके अनुसार, ‘नमो सेवागाथा’ जैसी प्रस्तुतियां समाज में सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश पहुंचाने का माध्यम बनती हैं। उन्होंने भारतेंदु नाट्य अकादमी और सर्वस्व लोक कल्याण स्वैच्छिक संस्थान के संयुक्त प्रयास की सराहना की।
प्रख्यात नाट्य निर्देशक तेजेंद्र सिंह ‘तेजू’ के निर्देशन में प्रस्तुत नाटक ने सभागार में मौजूद दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। मंचन के दौरान समाज सेवा, मानवीय मूल्यों और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों के जीवंत अभिनय और सधे हुए संवादों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के समापन पर संस्थान के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ तथा नाट्य निर्देशक तेजेंद्र सिंह ‘तेजू’ को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में राज्य ललित कला अकादमी, संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश के सदस्य एवं विख्यात कवि-कलाकार रवीन्द्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में रंगकर्मी, कला शिक्षक, कला विद्यार्थी, कला प्रेमी तथा प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आभा मधुर ने किया।




