
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की न्यू लोको कॉलोनी, लहरतारा स्थित नवीनीकृत ‘इंद्रप्रस्थ’ सामुदायिक हॉल एवं आधुनिक किचेन का उद्घाटन सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने रेलवे कॉलोनी के कर्मचारियों से फीता कटवाकर कराया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (आप.) अशोक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामाकृष्णन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी और रेलवे कॉलोनी के कर्मचारी मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद मंडल रेल प्रबंधक ने सामुदायिक हॉल का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वच्छता, सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को हॉल के नियमित रखरखाव, साफ-सफाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर आशीष जैन ने कहा कि ‘इंद्रप्रस्थ’ सामुदायिक हॉल रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए बहुउद्देशीय केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां विवाह, स्वागत समारोह, जन्मदिन, सेवानिवृत्ति समारोह जैसे पारिवारिक आयोजनों के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक, संगीत, कवि सम्मेलन, प्रशिक्षण, सेमिनार, कार्यशालाएं और आधिकारिक बैठकें भी आयोजित की जा सकेंगी। साथ ही उद्घाटन के अवसर पर कार्मिक विभाग द्वारा रेलवे कर्मचारियों के बच्चों के लिए दो दिवसीय टैलेंट हंट सांस्कृतिक प्रतियोगिता का भी शुभारंभ किया गया, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के बच्चे प्रतिभाग कर रहे हैं।
रेल प्रशासन के अनुसार, यह सामुदायिक हॉल भविष्य में रेलवे प्रशासन और कर्मचारियों के बीच संवाद को मजबूत करने, सामाजिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों, राहत कार्यों तथा आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी सहायता केंद्र के रूप में भी उपयोगी साबित होगा। कम लागत पर बेहतर आयोजन स्थल उपलब्ध कराकर यह कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं पारिवारिक जीवन को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





