
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मानसून के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने मंगलवार को बनारस स्टेशन और बनारस कोचिंग डिपो का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्मों, कोचों और जल निकासी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने बनारस स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्मों के शेड में लगाए गए पीपी शेल्टरों की जल निकासी व्यवस्था, रेलवे ट्रैक के ड्रेनेज सिस्टम, नालियों एवं ड्रेनेज पाइपों की साफ-सफाई तथा यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्षा के दौरान जलभराव, रिसाव और अन्य संभावित समस्याओं की लगातार निगरानी करते हुए उनका त्वरित एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

आशीष जैन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मानसून के दौरान सभी आवश्यक एहतियाती और संरक्षात्मक उपाय पूरी सतर्कता के साथ लागू किए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को निर्बाध, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके।
इसके बाद डीआरएम ने बनारस कोचिंग डिपो का निरीक्षण कर अनुरक्षित किए जाने वाले कोचों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कोचों की छतों की जल निकासी व्यवस्था, वातानुकूलित कोचों के दरवाजों और खिड़कियों में संभावित लीकेज, शौचालय एवं वॉश बेसिन की ड्रेनेज व्यवस्था, विद्युत उपकरणों और विद्युत सर्किट के इन्सुलेशन, अग्नि सुरक्षा प्रणाली तथा वर्षा जल के संभावित रिसाव वाले स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक कोच का विशेष मानसून निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा पाई जाने वाली सभी कमियों का तत्काल और प्रभावी निराकरण किया जाए, जिससे वर्षा ऋतु में भी यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सी एंड डब्ल्यू) अभिषेक राय, सहायक मंडल इंजीनियर (नगर) ए.के. पाण्डेय, सहायक यांत्रिक इंजीनियर (सी एंड डब्ल्यू) ओजस श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।





