
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चंदौली लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी चंदौली चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने जनपद के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने थाना अलीनगर क्षेत्र के मानसरोवर पोखरा घाट और थाना मुगलसराय क्षेत्र के दामोदरदास पोखरा घाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, आवागमन तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। घाटों पर उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए आवागमन सुगम बनाए रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि छठ महापर्व के दृष्टिगत जनपद के सभी प्रमुख घाटों एवं पोखरों पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें तैनात रहेंगी। जलाशयों में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नावों और गोताखोरों की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर बैरिकेडिंग कराई जा रही है। जहां बैरिकेडिंग संभव नहीं है, वहां बांस-बल्ली और रस्सियों के माध्यम से सुरक्षा घेरा बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सूर्योदय और सूर्यास्त के समय कम रोशनी की स्थिति को देखते हुए घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। महिलाओं एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त पार्टियों और एंटी रोमियो टीम को लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, अधिक भीड़भाड़ वाले प्रमुख घाटों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी। पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित पुलिस टीमों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं।
वहीं, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने घाटों पर स्वच्छता, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों पर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने पर बल दिया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी पीडीडीयू नगर, क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर, अरुण कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगनराज सिंह, थानाध्यक्ष मुगलसराय अर्जुन सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





