
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा, गंगा महोत्सव और देव दीपावली को भव्य, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने एडीजी नवीन अरोड़ा एवं अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा के साथ शनिवार को एनडीआरएफ और जल पुलिस की मोटर बोट से नमो घाट से अस्सी घाट तक विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश, शुद्ध पेयजल, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, सुरक्षा बैरिकेडिंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, खोया-पाया केंद्र, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, पार्किंग और आवागमन के लिए स्पष्ट संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान अस्सी घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। नगर निगम को नियमित सफाई अभियान चलाने और खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनपद के तालाबों, पोखरों और अन्य घाटों पर भी विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
वहीं, गंगा महोत्सव और देव दीपावली के दृष्टिगत नमो घाट पर वीवीआईपी एवं आम श्रद्धालुओं की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, स्मार्ट लाइटिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, सेफ हाउस और नावों के लिए अलग-अलग बोर्डिंग पॉइंट बनाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व के बाद बिना विलंब देव दीपावली की तैयारियों में जुट जाएं। निरीक्षण के दौरान डीएम और एडीजी की सक्रियता एवं व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान ने पर्वों को सुरक्षित और भव्य बनाने की प्रशासनिक गंभीरता को स्पष्ट किया। इस दौरान एडीएम सदानंद गुप्ता, एडीएम सिटी राजेश कुमार, संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार सहित नगर निगम एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।





