
- रिपोर्ट: स्निग्धा श्रीवास्तव
नई दिल्ली। पीलीभीत-बहराइच हाईवे पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सिसैया मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक और यात्रियों से भरी बोलेरो मैक्स की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बोलेरो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और वाहन सड़क किनारे पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए पहुंचे और बोलेरो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार बोलेरो मैक्स में करीब एक दर्जन लोग सवार थे, जो एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने वाहन को सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने 8 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के चलते करीब एक घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।





