
- रिपोर्ट: पंकज झा
मध्य प्रदेश। हिन्दी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ, मध्य प्रदेश इकाई द्वारा श्री बर्फानी आश्रम सभागार, अमरकंटक में एक दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन भव्य रूप से संपन्न हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष पुरुषोत्तम मिश्रा ने की, जबकि विशिष्ट आतिथ्य राष्ट्रीय संयोजक डॉ. भगवान प्रसाद उपाध्याय और मुख्य आतिथ्य बर्फानी आश्रम के पीठाधीश्वर आचार्य लक्ष्मणदास बालयोगी महाराज का रहा।
सम्मेलन में पत्रकारिता दिवस के अवसर पर उपस्थित पत्रकारों एवं साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। साथ ही संगठन के विस्तार, पत्रकार हितों और आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। घोषणा की गई कि पत्रकार महासंघ का 27वां वर्षगांठ समारोह एवं राष्ट्रीय सम्मेलन आगामी 15 जुलाई को भोपाल में आयोजित किया जाएगा।इस अवसर पर घनश्याम दास खरे को पत्रकार कल्याण प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय प्रभारी घोषित किया गया। साथ ही साहित्यिक योगदान को बढ़ावा देते हुए “कल्पनेश की काव्य गंगा” एवं “सपनों की उड़ान” पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।

राष्ट्रीय संयोजक डॉ. भगवान प्रसाद उपाध्याय ने अपने संबोधन में पत्रकारों की समस्याओं, छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों की कठिनाइयों, अधिमान्यता प्रक्रिया में देरी, पत्रकार सुरक्षा कानून, सम्मान निधि और यात्रा रियायत जैसी मांगों को गंभीरता से उठाया। उन्होंने कहा कि कई प्रस्ताव सरकारों को भेजे जाते हैं, लेकिन उन पर अपेक्षित गंभीरता से कार्रवाई नहीं होती, जिससे पत्रकारों को अनेक व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

प्रांतीय अध्यक्ष पुरुषोत्तम मिश्रा ने कहा कि संगठन तेजी से विस्तार कर रहा है और ब्लॉक, तहसील व जिला स्तर तक पत्रकारों की समस्याओं के लिए संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि आगामी भोपाल राष्ट्रीय सम्मेलन ऐतिहासिक होगा, जिसमें राज्य सरकार के मंत्रियों की भी सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुधीर सिंह राठौर, साहित्य प्रकोष्ठ प्रभारी रामलखन चौरसिया वागीश, राष्ट्रीय संगठन सचिव चुन्नू कुशवाहा, प्रांतीय पदाधिकारी, संभागीय एवं जिला अध्यक्षों सहित मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से आए सैकड़ों पत्रकारों ने सहभागिता की।
सम्मेलन के दौरान वरिष्ठ पत्रकारों एवं साहित्यकारों को सम्मान पत्र, शॉल, श्रीफल एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय मुख्य महासचिव वीरेन्द्र मिश्रा ने किया तथा आयोजन की सफलता में राममणी शुक्ला का विशेष सहयोग रहा।यह सम्मेलन पत्रकार एकता, संगठन विस्तार और पत्रकार हितों की मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक आयोजन साबित हुआ।




