
-रेलवे ओवरब्रिज पर पुलिस ने दबोचा आरोपी, करीब 70 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल बरामद; जीआरपी प्रयागराज की कार्रवाई से वाहन चोरी के मामले का खुलासा
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। प्रयागराज रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में चोरी व छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी प्रयागराज पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक अंतरजनपदीय वाहन चोर को चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
जीआरपी की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, पुलिस महानिदेशक रेलवे, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज और पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी, चोरी की घटनाओं की रोकथाम तथा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी रेलवे प्रयागराज अरुण कुमार पाठक के निकट पर्यवेक्षण तथा थाना जीआरपी प्रयागराज के प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम कार्रवाई कर रही थी।
रेलवे ओवरब्रिज पर हुई गिरफ्तारी
अभियान के दौरान उपनिरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह, प्रभारी चौकी जीआरपी प्रयाग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बड़ा बघाड़ा से लल्ला चुंगी की ओर जाने वाले रेलवे ओवरब्रिज पर समय करीब सुबह 7:25 बजे रितिक कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिक कुमार पुत्र दिलीप कुमार के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता चांदपुर, बड़ा बघाड़ा, थाना कर्नलगंज, पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज तथा स्थायी पता बम्हरौली उपरहार, घनश्याम कोटेदार के घर के पास, चौकी बेगम बाजार, थाना पुरामुफ्ती, जनपद प्रयागराज बताया गया है।
70 हजार रुपये कीमत की बाइक बरामद
पुलिस के मुताबिक, बरामद मोटरसाइकिल काले रंग की स्प्लेंडर प्लस है, जिसका पंजीकरण नंबर UP70DZ1397 है। वाहन की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है। यह बरामदगी थाना जीआरपी प्रयागराज में दर्ज मुकदमा संख्या 501/2026, धारा 303(2) एवं 317(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) से संबंधित है।
न्यायालय में पेश किया जा रहा आरोपी
जीआरपी पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह (प्रभारी चौकी जीआरपी प्रयाग), आरक्षी अर्जुन यादव, आरक्षी धर्मेंद्र सिंह तथा आरक्षी कृपाशंकर मौर्य शामिल रहे।




