
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के उपलक्ष्य में व्यापक पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, जल संरक्षण और हरियाली बढ़ाने को लेकर कई गतिविधियां आयोजित की गईं।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) अभिषेक राय के नेतृत्व में यह अभियान 15 मई से 5 जून 2026 तक विभिन्न चरणों में चल रहा है। इसी क्रम में 31 मई को मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर विशेष जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अभियान में आजमगढ़ रेलवे स्टेशन, वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन, बनारस रेलवे स्टेशन, भटनी जंक्शन, बलिया रेलवे स्टेशन, छपरा रेलवे स्टेशन, देवरिया सदर रेलवे स्टेशन, गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन, मऊ रेलवे स्टेशन, प्रयागराज रामबाग रेलवे स्टेशन, सीवान रेलवे स्टेशन और सलेमपुर रेलवे स्टेशन पर सफाई अभियान, वृक्षारोपण, पौधा वितरण और प्लास्टिक उपयोग कम करने के लिए कपड़े के थैलों का वितरण किया गया।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और कर्मचारियों को प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने के लिए पोस्टर, डिजिटल कंटेंट, सोशल मीडिया कैंपेन और नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया। साथ ही जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया गया और कॉलोनियों में स्वच्छता संदेश दिए गए जनसंपर्क विभाग के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों को अधिक स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाना है, ताकि यात्रियों और कर्मचारियों दोनों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।





