
समाचार टुडे वाराणसी
वाराणसी। गाजीपुर जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत थाना गहमर क्षेत्र के चर्चित तिहरे हत्याकांड में वांछित 50 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त अमित सिंह के खिलाफ न्यायालय ने कड़ा रुख अपनाया है। लगातार फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए माननीय न्यायालय द्वारा जारी उद्घोषणा के अनुपालन में पुलिस ने गांव-गांव मुनादी कराकर उसे जल्द से जल्द कोर्ट में हाजिर होने की चेतावनी दी है। थाना गहमर में दर्ज मुकदमा संख्या 276/2025 समेत कुल 14 संगीन मामलों में नामित आरोपी अमित सिंह पुत्र अरविंद सिंह, निवासी ग्राम गहमर पट्टी खेलू राय, लंबे समय से फरार चल रहा है। आरोपी के न्यायालय में उपस्थित न होने और लगातार छिपकर रहने के कारण मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, गाजीपुर द्वारा दिनांक 20 अप्रैल 2026 को धारा 84(1) बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा जारी की गई। इसके अनुपालन में पुलिस टीम ने आरोपी के घर सहित प्रमुख स्थानों पर नोटिस चस्पा किया और ढोल-ताशे के साथ सार्वजनिक मुनादी कराई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट, धमकी, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामलों में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। यह दर्शाता है कि आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और कानून से बचने का प्रयास कर रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपी जल्द ही न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है, तो उसके खिलाफ आगे की कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने को सूचित करें, ताकि उसे शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जा सके।





