
- जनता की आवाज पंकज झां✍️✍️
वाराणसी। दशाश्वमेध रोड पर गर्मी और धूल से राहत देने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगाया गया फाग पाइप अब खुद ही व्यवस्था की बदहाली और जमीनी लापरवाही की तस्वीर उजागर कर रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह फाग पाइप लंबे समय से टूटकर सड़क किनारे पड़ा हुआ है, लेकिन जिम्मेदार विभाग पूरी तरह से खामोशी साधे हुए है।
जिस योजना को आम जनता को राहत देने के लिए लागू किया गया था, वही अब अनदेखी और रखरखाव की कमी के चलते पूरी तरह निष्क्रिय अवस्था में पहुंच चुकी है। फाग पाइप के खराब होने से इलाके में धूल और प्रदूषण की समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस गंभीर समस्या की कई बार शिकायत की गई, लेकिन इसके बावजूद नगर निगम की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की चुप्पी ने जनता की नाराजगी को और अधिक गहरा कर दिया है।भीषण गर्मी के इस मौसम में जब फागिंग व्यवस्था सबसे अधिक आवश्यक होती है, तब यह टूटा हुआ पाइप नगर निगम की कार्यप्रणाली, रखरखाव व्यवस्था और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न खड़े कर रहा है।
नागरिकों ने मांग की है कि इस फाग पाइप की तत्काल मरम्मत कर व्यवस्था को पुनः सक्रिय किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और नगर निगम की लापरवाही पर उठ रहे सवालों का ठोस समाधान हो सके।





