
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। थाना कैंट क्षेत्र के ताजपुर कोदरा गांव में जल निकासी को लेकर हुए विवाद के बाद घायल परिवार ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है।
गांव निवासी मो. सलाम पुत्र स्वर्गीय कल्लू खान ने बताया कि 15 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे नाली के पानी के निकास को लेकर हुए विवाद में गांव के कुछ लोगों ने एकजुट होकर उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि इसरार, महताब, साहिमा और तब्बू लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और परिवार के सदस्यों पर जानलेवा हमला किया।

हमले में मो. सलाम, उनकी पत्नी तथा पुत्री आसमा बानो गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़ित के अनुसार उनकी पत्नी के पैर में गंभीर चोट आई है, जबकि पुत्री के हाथ में चोट लगी है। दोनों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
इस मामले में थाना कैंट में अ.सं. 263/26 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की गंभीरता के बावजूद हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।

मो. सलाम ने आरोप लगाया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी उनके इकलौते पुत्र सोनू खान को लगातार धमका रहे हैं। उनका कहना है कि 18 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे गांव के बाहर रेलवे क्रॉसिंग के पास कुछ आरोपियों ने सोनू खान को रोककर मुकदमे की पैरवी बंद करने की धमकी दी और जान से मारने की चेतावनी दी।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है।




