
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चन्दौली थाना धानापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धमकी देकर जबरन वसूली करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग ₹03 लाख मूल्य के गहने एवं ₹1,00,350 नगद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में तथा वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में की गई। घटना 15 अप्रैल 2026 की है, जब वादी घनश्याम यादव की पुत्री को मोहित यादव और नीरज यादव द्वारा जान से मारने की धमकी देकर घर में रखे गहने व नगदी देने के लिए मजबूर किया गया। भयवश पीड़िता ने घर में रखे लगभग ₹01 लाख नगद एवं जेवरात आरोपियों को दे दिए थे।
मामले में थाना धानापुर पर मु0अ0सं0 57/2026 धारा 308(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर शहीदगांव मोड़ के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहित यादव (उम्र 20 वर्ष) और नीरज यादव (उम्र 22 वर्ष) के रूप में हुई है। बरामदगी में एक जोड़ा पैजनी, मांग टीका, अंगूठी, कमरबंद, कान के टॉप्स, नथिया सहित कुल ₹1,00,350 नगद शामिल है।
पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे डराकर वसूली की गई रकम का उपयोग मौज-मस्ती में कर रहे थे और शेष सामान बेचने की योजना थी। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अभियुक्त नीरज यादव का पूर्व आपराधिक इतिहास भी पाया गया है, जिसमें आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के मामले दर्ज हैं।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अभिराज सरोज, विनोद यादव, हरिशंकर सिंह सहित पूरी पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।





