
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। गोमती ज़ोन की पुलिस उपायुक्त श्रीमती नीतू कादयान ने शनिवार को जोन के अंतर्गत आने वाले सभी थानों के व्यापारी बंधुओं के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। बैठक में विभिन्न व्यापारी संघों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव साझा किए। गोष्ठी के दौरान व्यापारियों ने स्ट्रीट लाइट की खराबी, सीसीटीवी कैमरों की समस्या, हाईवे पर दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ते साइबर अपराध जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए। डीसीपी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए स्पष्ट किया कि पुलिस को प्राप्त हर शिकायत का निष्पक्ष और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं पर उन्होंने कहा कि यद्यपि यह सीधे पुलिस विभाग का विषय नहीं है, फिर भी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अलग से बैठक कर समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। वहीं, सीसीटीवी खराब होने की शिकायत पर उन्होंने तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए।
साइबर अपराधों को लेकर उन्होंने व्यापारियों को जागरूक करते हुए कहा कि सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है और पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही सभी व्यापारियों से अपील की गई कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाएं और उन्हें सार्वजनिक मार्ग की ओर रखें। गोष्ठी के अंत में व्यापारी प्रतिनिधियों ने डीसीपी नीतू कादयान को स्मृति चिन्ह भेंट कर एवं पारंपरिक साफा पहनाकर सम्मानित किया।





