
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में रेल संचालन की संरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से 26 सितंबर को क्रू लॉबी, वाराणसी में सेफ्टी सेमिनार आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में आयोजित सेमिनार में मंडल विद्युत इंजीनियर (ओपी) नीतीश शुक्ला समेत मुख्य क्रू नियंत्रक, मुख्य लोको निरीक्षक, लोको पायलट, लोको शंटर, सहायक लोको पायलट एवं अन्य रनिंग स्टाफ ने भाग लिया।
सेमिनार में ट्रेन पार्टिंग की घटनाओं के दौरान अपनाई जाने वाली संरक्षा प्रक्रियाओं और आवश्यक कार्रवाई को लेकर लोको पायलटों की विशेष काउंसलिंग की गई। डीआरएम ने ऐसी परिस्थितियों में निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए।
इसके अलावा लोको का चार्ज लेते समय यदि किसी कारणवश ‘कैटल रन ओवर’ की घटना हुई हो तो उसका विवरण लॉगबुक में अनिवार्य रूप से दर्ज करने को कहा गया। लोको की अंडर-सेफ्टी फिटिंग से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की समुचित जांच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
सेमिनार में रनिंग स्टाफ को संरक्षा नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन करते हुए सुरक्षित, सुचारु एवं निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।





