
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: जिला अस्पताल अयोध्या में मरीजों को बाहरी दवा या जांच लिखने वाले डॉक्टरों पर अब डीएम की सीधी नजर रहेगी। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी की सख्ती के बाद प्रमुख अधीक्षक ने सभी डॉक्टरों के लिए चेतावनी भरा आदेश जारी कर दिया है।
डीएम ने दिए कड़े निर्देश
25 मई 2026 को हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि जिला चिकित्सालय में कार्यरत कोई भी चिकित्सा विशेषज्ञ, चिकित्सा अधिकारी या आकस्मिक चिकित्सा अधिकारी मरीजों को बाहरी दवा या जांच नहीं लिखेगा। डीएम ने चेताया कि शिकायत मिलने पर वह खुद अपने स्तर से जांच कराएंगे।
प्रमुख अधीक्षक का फरमान: उल्लंघन पर खुद जिम्मेदार होंगे डॉक्टर
डीएम के निर्देश के बाद प्रमुख अधीक्षक, जिला चिकित्सालय अयोध्या ने पत्रांक जि०चि०/बाहरी दवा जांच/2024-25/449-2 जारी कर सभी विशेषज्ञों, चिकित्सा अधिकारियों और आकस्मिक चिकित्सा अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है। आदेश में साफ कहा गया कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले किसी भी मरीज को बाहर की दवा या जांच न लिखी जाए। अगर आदेश का उल्लंघन हुआ तो किसी भी कार्रवाई की जिम्मेदारी संबंधित डॉक्टर की स्वयं की होगी।
कहां-कहां भेजी गई आदेश की कॉपी
प्रमुख अधीक्षक ने इस आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी अयोध्या और अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, अयोध्या मंडल को भी सूचनार्थ और आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी है।
मरीजों को मिलेगी राहत
जिला अस्पताल में बाहरी दवाएं लिखे जाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। गरीब मरीजों को मुफ्त दवा की जगह बाहर से महंगी दवाएं खरीदनी पड़ती थीं। डीएम की सख्ती और इस नए आदेश के बाद मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब अस्पताल में उपलब्ध दवाओं से ही इलाज होगा।



