
- रिपोर्ट: अमित कुमार
Inayatnagar. थाना क्षेत्र के कोटवा गांव में दुर्गा माता और हनुमान मंदिर के आसपास सरकारी एवं मंदिर की भूमि पर कथित कब्जे तथा मंदिर के समीप संचालित मीट रेस्टोरेंट को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर के पास संचालित मीट रेस्टोरेंट से निकलने वाला मांस का कचरा और हड्डियां आसपास फेंकी जाती हैं, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने के साथ-साथ ग्रामीणों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में गाटा संख्या 393 स्थित खाली सरकारी भूमि पर दुर्गा माता एवं हनुमान जी का मंदिर है। आरोप है कि मंदिर के सामने की भूमि पर भी कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, सरकारी अभिलेखों में दर्ज रास्ते की भूमि गाटा संख्या 344 पर गांव के अलीम और उनके पुत्र मोहम्मद तस्लीम, मोहम्मद अकीलम, मोहम्मद अफजल तथा मोहम्मद कैफ द्वारा तार और खूंटा लगाकर रास्ता बंद करने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है।

इस संबंध में कोटवा गांव के कृष्ण कुमार, अमित कुमार, अमन कुमार, प्रतीक, अविनाश, पंकज, कंचन, विमला देवी, अर्चना, मोहिनी, हरीराम, रीना, उषा, गीता, शिल्पा, मनीषा, पूजा, सूरज, रामावती, मालती, अंजली, पूनम और अमृता समेत कई ग्रामीणों ने शिकायत की है।
शिकायत में ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर के आसपास मीट रेस्टोरेंट संचालित होने से वहां से निकलने वाला मांस का कचरा एवं हड्डियां मंदिर के आसपास फेंकी जाती हैं। इसके अलावा मंदिर के सामने स्थित पुराने कुएं में मांस और शराब की बोतलें डालने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने मामले में जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

शिकायत की जांच के दौरान हुई मारपीट
मामले की शिकायत एसडीएम मिल्कीपुर और इनायतनगर पुलिस से की गई थी। जांच के लिए पहुंचे लेखपाल के सामने शिकायतकर्ता युवक के साथ मारपीट होने की बात भी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर मामला शांत कराया।
ग्रामीणों ने शिकायत में यह आरोप भी लगाया है कि आरोपी परिवार के पास लाइसेंसी हथियार हैं और उन्हें दिखाकर धमकाया जाता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
एसडीएम ने कार्रवाई का दिया भरोसा
एसडीएम मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा ने बताया कि मंदिर के पास चल रहे मीट रेस्टोरेंट को बंद कराने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं। यदि रेस्टोरेंट अभी भी संचालित पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे बंद कराया जाएगा।
वहीं, प्रभारी निरीक्षक इनायतनगर राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और मंदिर के पास संचालित मीट रेस्टोरेंट के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों की मांग है कि मंदिर परिसर एवं आसपास की सरकारी भूमि की पैमाइश कराकर सीमाएं स्पष्ट की जाएं और धार्मिक स्थल के आसपास नियमों का उल्लंघन करने वाली गतिविधियों पर प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करे।





